


नर्मदापुरम / जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध प्रशासन और पुलिस द्वारा सख्त कदम उठाते हुए सिवनी मालवा क्षेत्र में बड़ी संयुक्त कार्रवाई की गई। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला के निर्देशानुसार राजस्व, पुलिस, आबकारी एवं नगरपालिका के संयुक्त दल ने पीपल बाबा एवं विभिन्न कॉलोनी में चिह्नित ठिकानों पर दबिश देकर अवैध शराब निर्माण के कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की।
एसडीएम विजय राय, एसडीओपी महेंद्र सिंह चौहान, मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह उईके, थाना प्रभारी नवीन पांडे एवं आबकारी निरीक्षक श्री निमोदा के नेतृत्व में संयुक्त अमले ने कुल 14 घरों एवं संदिग्ध ठिकानों की सघन जांच की। कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से 55 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। वहीं अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार लगभग 960 किलोग्राम महुआ लाहन, 8 अवैध भट्टियां, 80 ड्रम एवं अन्य निर्माण सामग्री को मौके पर ही नष्ट किया गया। इसी क्रम में राजस्व एवं नगरपालिका के संयुक्त अमले ने अतिक्रमण के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए 6 झोपड़ियों एवं 1 कच्चे मकान को हटाया।
5 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज…..
संयुक्त कार्रवाई के दौरान अवैध शराब से संबंधित कुल 5 प्रकरण पंजीबद्ध कर 5 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें काजल पत्नी मंगेश कुचबंदिया (29 वर्ष), उमाबाई पत्नी विक्रम कुचबंदिया (50 वर्ष), रिंकी पत्नी महेश कुचबंदिया (40 वर्ष), आरती पति संतोष (37 वर्ष) एवं अर्जुन पिता रामपाल (26 वर्ष), सभी निवासी कुचबंदिया मोहल्ला, थाना सिवनी मालवा शामिल हैं।
प्रशासन एवं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय तथा अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा कहीं भी अवैध शराब निर्माण या विक्रय की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को सूचित करें।

