
नर्मदापुरम / शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका प्रशासन अब सख्त मूड में आ गया है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 01 से 08 तक के सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक ली गई। ऐसी ही समीक्षा बैठक नगर के सभी 33 वार्डों की होगी। इस दौरान उन्होंने वार्डवार सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए कर्मचारियों से वन-टू-वन चर्चा की और सभी की कार्यस्थल लोकेशन दर्ज कराई। बैठक में स्वच्छता नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी, विशाल शर्मा, सतीश यादव सहित समस्त वार्डों के सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
अंतिम चेतावनी: गंदगी मिली तो कार्रवाई तय…
सीएमओ देशमुख ने नर्मदा घाटों पर पर्याप्त सफाई नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यह अंतिम चेतावनी है। इसके बाद घाटों या वार्डों में गंदगी मिलने पर संबंधित सुपरवाइजर और कर्मचारियों पर सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जो कर्मचारी अपनी जो लोकेशन दर्ज करा रहे हैं, उन्हें निर्धारित समय पर उसी स्थान पर मौजूद रहना होगा।
8 घंटे की ड्यूटी अनिवार्य, औचक निरीक्षण करेंगे अधिकारी….
बैठक में काम के घंटों को लेकर मिल रही शिकायतों पर सीएमओ ने दो-टूक कहा कि दो या चार घंटे काम करने की प्रवृत्ति अब नहीं चलेगी। हर हाल में कर्मचारियों को 8 घंटे की ड्यूटी पूरी करनी होगी। उन्होंने बताया कि कलेक्टर महोदय ने आदेशित किया है कि जिला स्तरीय टीम गठित की जाएगी जो मैदान में उतरकर सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण और कार्यों का मूल्यांकन करेगी।
बिना सूचना अवकाश पर कटेगा वेतन….
सीएमओ ने अवकाश को लेकर भी नियम सख्त कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना या नियमानुसार स्वीकृति के छुट्टी पर जाने वाले कर्मचारियों को गैर-हाजिर मानकर उनका वेतन काटा जाएगा। इस व्यवस्था के तहत आउटसोर्स, विनियमित और स्थायी—सभी कर्मचारियों की जवाबदेही तय की गई है। उन्होंने कर्मचारियों को आधुनिक मशीनों का उपयोग कर बदलते समय के अनुरूप जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।

