

नर्मदापुरम / दिनांक 09.11.2026 को प्रातः थाना पिपरिया पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम खापरखेड़ा के मोगिया मोहल्ले में ग्राम निवासी ओमकार उर्फ गोटू पटेल, पिता कोमल सिंह पटेल, उम्र 54 वर्ष का रक्तरंजित शव सड़क किनारे पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु शासकीय अस्पताल पिपरिया भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मर्ग कायम कर वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा निर्देश प्राप्त किये गए। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक ओमकार उर्फ गोटू पटेल शराब पीने का आदी था तथा शराब के नशे में आए दिन ग्रामवासियों के साथ गाली-गलौच एवं विवाद करता था। घटना से पूर्व भी मृतक द्वारा गांव के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था। दीपावली की रात भी ग्रामवासियों द्वारा उसे समझाइश दी गई थी तथा कुछ लोगों ने उसे अपने घरों के सामने से जाने के लिए कहा था। मृतक दिनांक 08 एवं 09 नवंबर 2026 की दरमियानी रात करीब 11 से 12 बजे मृतक ग्राम के मोगिया मोहल्ले में शराब के नशे में गाली-गलौच कर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के निवासी संतोष कहार एवं बाबूलाल कहार से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने मृतक के साथ मारपीट की। इसी दौरान संतोष कहार ने सब्बल से मृतक के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने एवं अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण में आरोपी संतोष कहार, बाबूलाल कहार के विरुद्ध थाना पिपरिया में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 103 (1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी दो-दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पिपरिया आशीष सिंह पवार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पिपरिया आदित्य सेन एवं उनकी टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्षियों से पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की बारीकी से जांच कर आरोपियों को अभिरक्षा में लेने की कार्यवाही की गई।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी पिपरिया आदित्य सेन, उनि अमित भारद्वाज, उनि मानिक सिंह भट्टी, उनि सुशील कुशवाहा, प्र.आर. उपेन्द्र दुबे, आर. शुभम वर्मा, आर. सनेह साहू, आर. राधेश्याम सहित थाना पिपरिया पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

