

नर्मदापुरम / सनातन परंपरा और संस्कृति का सम्मान करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव द्वारा दीपावली के दूसरे दिन भक्तिभाव के साथ गो-पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान गो-माता को स्नान कराकर पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका श्रृंगार किया गया और विशेष भोग लगाया गया।
गो-संरक्षण और संवर्धन हमारी संस्कृति – नपाध्यक्ष…..
पूजा-अर्चना के बाद नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव ने कहा, हमारे सनातन धर्म में गो-माता के संरक्षण और संवर्धन की समृद्ध परंपरा रही है। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए आज गो-माता को नहलाकर और सजाकर उनकी विधि-विधान से पूजा की गई है।
सब्जियों के सांचे से बना पारंपरिक रंग और श्रृंगार….
गो-माता के श्रृंगार के लिए प्राचीन अनोखी और प्राकृतिक विधि अपनाई गई। नपाध्यक्ष श्रीमती यादव ने बताया कि गायों को आकर्षक रूप देने और रंगने के लिए आलू, बैंगन और भिंडी को काटकर विशेष सांचे तैयार किए गए थे, प्राकृतिक रंगों के माध्यम से गायों पर सुंदर आकृतियां बनाई गईं। पारंपरिक रूप से उन्हें बिदकाया भी गया।
महेंद्र यादव ने अपने हाथों से तैयार किए गंठ-गठीले…..
इस दौरान महेंद्र यादव ने गो-माता की सेवा और सजावट में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से पारंपरिक ‘गंठ-गठीले’ तैयार कर गायों को सजाया और सनातन परंपरा के प्रति अपना समर्पण व्यक्त किया। इस दौरान कपिल चौहान, राहुल चौरे, पंडित जी, संजीव खापरे आदि उपस्थित रहे।

