


सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विजय राय ने इस वर्ष दीपावली का पर्व तहसील के आदिवासी बहुल ग्राम साटई में अपनी 3 साल की नन्हीं बच्ची के साथ बच्चों के मध्य पहुंचकर अत्यंत सादगी, आत्मीयता और हर्षोल्लास के साथ मनाया। जिससे पूरे गांव में उत्सव का एक अभूतपूर्व और आनंदमय वातावरण बन गया। इस विशेष अवसर पर एसडीएम श्री राय और उनकी पुत्री की मौजूदगी में सभी बच्चों को नए वस्त्र, दीपावली के पटाखे, मिठाइयां तथा शिक्षा के प्रति प्रोत्साहनस्वरूप कॉपियां एवं पेन उपहार स्वरूप भेंट किए गए। जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनका उत्साह देखते ही बनता था। बच्चों के साथ इस स्नेहिल मिलन के दौरान एसडीएम ने उनके साथ आत्मीय संवाद करते हुए यह महत्वपूर्ण संदेश दिया कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य का असली आधार है, इसलिए सभी बच्चों को पूरी लगन और मेहनत के साथ मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए तथा समाज में हर पर्व को आपसी भाईचारे और मिलजुल कर मनाना चाहिए। प्रशासन के मुखिया द्वारा अपने परिवार के साथ की गई इस अनूठी पहल और संवेदनशील सहभागिता से न केवल आदिवासी ग्राम सांटई के बच्चों और ग्रामीणों की दीपावली यादगार बन गई, बल्कि यह समाज के अंतिम छोर के नागरिकों के साथ जुड़ाव का एक प्रेरणादायी उदाहरण भी बन गया।

