

नर्मदापुरम / दीपावली के पावन पर्व पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल नगर समिति नर्मदापुरम द्वारा नगर के माँ लक्ष्मी जी की मूर्ति विक्रेताओं से विशेष आग्रह किया गया था कि मूर्ति विक्रय के पश्चात यदि कोई मूर्ति बच जाती है अथवा खंडित हो जाती है, तो उसे इधर-उधर न फेंकें। सम्मानपूर्वक अपने घर ले जाएं अथवा विधि-विधान से माँ नर्मदा जी में विसर्जित करें, ताकि माँ लक्ष्मी की प्रतिमाएं यहां-वहां पड़ी न रहें और किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।
इसके बावजूद कुछ मूर्ति विक्रेताओं द्वारा रात्रि के समय मूर्तियों को नगर में अलग-अलग स्थानों पर लावारिस अवस्था में छोड़ दिया गया। इसकी जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल नगर समिति के कार्यकर्ताओं ने स्वयं जिम्मेदारी उठाते हुए रात्रि 12 बजे से मूर्तियों को एकत्रित करने का अभियान प्रारंभ किया।
कार्यकर्ताओं द्वारा रातभर परिश्रम कर सुबह 12 बजे तक मूर्तियों को एकत्रित किया गया। इसके पश्चात सभी मूर्तियों को सम्मानपूर्वक व्यवस्थित कर विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ माँ नर्मदा जी में विसर्जित किया गया।
इस सेवा कार्य के माध्यम से विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल ने समाज को संदेश दिया कि देवी-देवताओं की प्रतिमाएं हमारी आस्था और श्रद्धा का प्रतीक हैं। उनकी गरिमा एवं सम्मान बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। साथ ही सभी मूर्ति विक्रेताओं एवं नागरिकों से अपील की गई कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न होने दें और धार्मिक प्रतिमाओं का सम्मानपूर्वक विसर्जन सुनिश्चित करें।
इस सेवा कार्य में नितिन मेषकर जिला सेवा प्रमुख विश्व हिंदू परिषद, प्रखर राज शर्मा नगर उपाध्यक्ष, सुरेंद्र साहू नगर सह मंत्री, राहुल बड़कुर नगर संयोजक, विकास साहू, विक्की पंडित, गजेंद्र केवट, सचिन यादव एवं अन्य कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

