

नर्मदापुरम / दीपावली के पावन अवसर पर शारदा कॉलोनी निवासी प्रसिद्ध रंगोली आर्टिस्ट माधवी वर्मा ने अपने घर के आंगन में एक बेहद सुंदर और मनमोहक रंगोली बनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
माधवी वर्मा द्वारा बनाई गई इस गोलाकार रंगोली में भारतीय संस्कृति की झलक साफ दिखाई दे रही है। रंगोली के मध्य में दीपक लिए हुए एक महिला की आकृति बनाई गई है, जो दीपावली के प्रकाश और शुभता का प्रतीक है। इसके साथ ही मोर पंख और कमल के फूल की सुंदर आकृति ने रंगोली को और भी आकर्षक बना दिया।
रंगोली के चारों ओर पीले गेंदे के फूलों से सजावट की गई है और दोनों तरफ जलते हुए दीपकों ने माहौल को और भी दिव्य बना दिया। रंगों के अद्भुत संयोजन – पीला, नीला, लाल, गुलाबी और हरा – ने इस रंगोली को जीवंत कर दिया।
माधवी वर्मा की इस कला को देखने के लिए कॉलोनी के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और उनकी जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि माधवी वर्मा हर साल दीपावली पर नई-नई थीम पर रंगोली बनाकर परंपरा और कला को जीवित रखती हैं।
माधवी वर्मा ने बताया कि रंगोली सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि मां लक्ष्मी के स्वागत और घर में सुख-समृद्धि लाने का माध्यम है। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियां और उजाला लाए।

