

नर्मदापुरम / दीपावली पर्व की रौनक के साथ ही शहर में त्योहारी बाजार सजने लगे हैं। धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को गुप्ता ग्राउंड में लगाए गए फटाखा बाजार का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव, मध्यप्रदेश तैराकी संघ के अध्यक्ष श्री शर्मा एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विधिवत बाजार का शुभारंभ कर दुकानदारों एवं नागरिकों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विधायक और नपाध्यक्ष ने किया बाजार का निरीक्षण….
..
शुभारंभ के पश्चात पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा द्वारा फटाखा बाजार का निरीक्षण किया गया। उन्होंने दुकानदारों से चर्चा कर बाजार में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और उत्साह का पर्व है। ऐसे में बाजार में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को भी पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विधायक डॉ शर्मा और नपाध्यक्ष द्वारा की गई त्योहारी बाजार में खरीदारी……
विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा और नगरपालिका अध्यक्ष नीतू यादव द्वारा धनतेरस के अवसर पर एसएनजी ग्राउंड में सजे त्योहारी बाजार पहुंचकर खरीदारी की तथा यूपीआई से उसका भुगतान किया गया। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे घरों से निकलकर स्थानीय बाजारों में खरीदारी करें। इससे स्थानीय व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को आर्थिक लाभ मिलेगा तथा बाजारों की रौनक भी बढ़ेगी। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण, दुकानदार, नगरपालिका के कर्मचारी एवं नागरिक मौजूद रहे।

