
नर्मदापुरम / राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 (TFYC 4.0) 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक जिले में संचालित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, तंबाकू नियंत्रण कानूनों का अनुपालन सुदृढ़ करना और व्यसन की शुरुआत को रोकना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नर्मदापुरम ने बताया कि अभियान में शिक्षा, उच्च शिक्षा, पुलिस, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनजातीय कार्य सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम, शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू मुक्त वातावरण को प्रोत्साहन और COTPA कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा।
तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों के लिए जिला चिकित्सालय में तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र (TCC) संचालित है और राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1800-112-356 पर परामर्श उपलब्ध है। अभियान के तहत जन जागरूकता, तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान, तंबाकू मुक्त गांव और युवा सहभागिता पर विशेष फोकस रहेगा।

