

नर्मदापुरम / दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों, डेयरी एवं मिठाई निर्माण केंद्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दलों द्वारा इटारसी एवं नर्मदापुरम में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार द्वारा इटारसी में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुरानी इटारसी स्थित राजस्थान स्वीट्स से मावा बर्फी, बॉर्नविटा बर्फी एवं बेसन लड्डू तथा जमानी रोड स्थित बीकानेर स्वीट्स से नारियल बर्फी, मावा, बेसन लड्डू, मोतीचूर लड्डू एवं काजू कतली के नमूने लिए गए। इसी प्रकार अम्बर फूड से मावा बर्फी एवं केसर बर्फी के नमूने सहित कुल 10 नमूने संग्रहित किए गए।
इसी क्रम में नर्मदापुरम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के एक अन्य दल द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सेठानी घाट स्थित केला देवी डेयरी एवं स्वीट्स से मलाई बर्फी, चॉकलेट बर्फी, पाम तेल एवं बेसन के नमूने लिए गए। वहीं इतवारा चौक स्थित अग्रवाल स्वीट्स से मावा, सोनपपड़ी एवं खट्टा-मीठा नमकीन तथा मनोहर श्री डेयरी एवं स्वीट्स से मिल्क केक सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान मनोहर श्री डेयरी एवं स्वीट्स में मौके पर ही 2 किलोग्राम ढोकला नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी भोजराज सिंह धाकड़ द्वारा भी विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई एवं प्रकरण प्रस्तावित किए जाएंगे। खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों एवं व्यापारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा मावा, मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। खाद्य पदार्थों की जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

