

नर्मदापुरम / भोपाल में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ रैली में नर्मदापुरम जिले से सांदिपनी स्कूल की बसों के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को भेजे जाने के मामले पर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा विरोध जताया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा सरकारी संसाधनों और शासकीय अमले का राजनीतिक कार्यक्रमों में उपयोग किया जाना उचित नहीं है। सांदीपनी स्कूल की बसें विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हैं, वहीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं और सेवाओं को संचालित करना है। उन्होंने कहा कि स्कूल बसों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का उपयोग राजनीतिक रैली में करने से शासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात करने वाली भाजपा सरकार को पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सरकारी मशीनरी का उपयोग जनहित के कार्यों के लिए हो, न कि राजनीतिक आयोजनों के लिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने मांग की कि सांदीपनी स्कूल की बसों को भोपाल भेजने तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की रैली में उपस्थिति सुनिश्चित कराने के संबंध में किस स्तर से आदेश दिए गए, इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधनों और कर्मचारियों का किसी भी राजनीतिक दल के कार्यक्रम में उपयोग नहीं होना चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी इस मामले का विरोध करती है और शासन-प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग करती है। यह जानकारी जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार द्वारा दी गई है।

