

नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर नगरपालिका के अमृता सभाकक्ष में आज मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर स्वच्छता अधिकारियों, सुपरवाईजर्स और सफाई कर्मियों की बैठक ली गई। बैठक में सीएमओ श्री देशमुख द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था से संबंधित किसी भी प्रकार से समझौता नहीं किया जाएगा। नगर की प्रमुख मेन रोडों की प्रमुखता से सफाई करें। सड़क पर कचरा मिलता है तो इसकी समस्त जिम्मेदारी सुपरवाइजर्स और स्वच्छता कर्मी की होगी। नगर की स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 50 नए स्वच्छतादूतों की भर्ती की जाएगी। गंदगी फैलाने पर समझाइश दें और साथ ही चलानी कार्रवाई अनिवार्य रूप से करें। बैठक में स्वच्छ भारत अभियान प्रभारी अनुराग तिवारी, कार्यालय अधीक्षक मुनेंद्र पांडेय सहित बड़ी संख्या में सफाई सुपरवाइजर्स, सफाई कर्मी आदि उपस्थित थे।
मेन रोडों का विशेष ध्यान रखें…..
मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री देशमुख द्वारा बैठक में निर्देश दिए गए कि हमारा नगर तीर्थ स्थान की तरह है। नगर में हमेशा बाहर से श्रद्धालुगणों का आगमन होता है। इसलिए नगर की प्रमुख सड़कों की सफाई पर विशेष ध्यान दें।
50 स्वच्छतादूतों की बनेगी टीम…..
नए 50 सफाई कर्मचारियों की जल्द भर्ती की जाएगी। जिसमें एक 15-20 कर्मियों की टीम मां नर्मदा के सभी प्रमुख घाटों पर तैनात होगी और सफाई व्यवस्था को देखेगी। इसी तरह दूसरी टीम 10-15 स्वच्छता कर्मी रात की विशेष सफाई व्यवस्था देखेंगे। इसके अलावा 10-15 सफाई कर्मी की स्पेशल टॉस्क फोर्स बनाई जाएगी। नगर के हर वार्ड या कोई भी कौने में जहां जरूरत होगी तत्काल पहुंचकर सफाई व्यवस्था को संभालेंगी।
समझाइश के साथ चालान भी काटें…..
मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नगर की स्वच्छता के साथ किसी भी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जिसको जो कार्य मिला है उसे अच्छी तरीके से करें। सभी को सफाई से संबंधित समझाईश भी दें और चालान भी कांटें।

