
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / क्षेत्र में वर्तमान में मक्का की बंपर आवक को देखते हुए कलेक्टर नर्मदापुरम के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी कड़ी में सिवनी मालवा की मुख्य मंडी बनापुरा के साथ-साथ व्यापारियों से संवाद कर उपमंडी शिवपुर को भी विधिवत प्रारंभ करा दिया गया है, जहां इस पूरे सप्ताह प्रतिदिन निर्बाध रूप से किसानों की उपज की खरीदी की गई।
मंडी परिसर में किसानों के लिए पेयजल, छाया, सुचारू तुलाई और पारदर्शी नीलामी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जिससे क्षेत्रीय किसानों और स्थानीय व्यापारियों में बेहद हर्ष व्याप्त है। इससे आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने में बड़ी राहत और सुगमता मिली है।
व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु शनिवार दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को एसडीएम सिवनी मालवा विजय राय ने मंडी अधिकारियों के साथ उपमंडी शिवपुर का मौका निरीक्षण किया तथा वहां उपस्थित कृषकों एवं व्यापारियों से सीधी चर्चा कर आवश्यक व्यवस्थाओं जैसे रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था आदि के संबंध में दिशा निर्देश मंडी कर्मचारियों को दिए। तथा सभी व्यवस्थाएं तत्काल कराए जाने हेतु मंडी प्रबंधन को निर्देशित किया गया। क्षेत्र के किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इस हेतु कलेक्टर नर्मदापुरम द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहे हैं।

