



नर्मदापुरम / नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में युवा उत्सव के अंतर्गत महाविद्यालय स्तरीय रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक आकर्षक और संदेशपरक रंगोलियां बनाईं। विशेष रूप से विकसित भारत, भारतीय संस्कृति और आत्मनिर्भर भारत विषय पर आधारित रंगोलियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. ज्योत्सना खरे ने कहा कि “रंगोली केवल कला नहीं, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति और संस्कारों की अभिव्यक्ति है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, टीम भावना और हमारी परंपरा के प्रति सम्मान को बढ़ाती हैं। युवा उत्सव का उद्देश्य ही युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन युवा उत्सव प्रभारी के द्वारा किया गया।

