


नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के आदेशानुसार और जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में बुधवार को आबकारी विभाग ने जिले में सघन कार्रवाई की।
आबकारी विभाग द्वारा नर्मदा घाटों, ग्वालटोली क्षेत्र और नर्मदापुरम-इटारसी हाइवे किनारे स्थित गौर ढाबा, शिवाय ढाबा, राजीव ढाबा पर दबिश दी गई। सार्वजनिक स्थल पर मदिरापान करने वालों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत 5 प्रकरण कायम किए गए। इसमें 25 क्वार्टर विदेशी और 30 क्वार्टर देशी मदिरा जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 4,300 रुपये है।
इसके अलावा सोहागपुर और इटारसी शहर में की गई अन्य दबिश कार्रवाई में 8 प्रकरण कायम किए गए। इनमें लगभग 1380 किलो महुआ लाहन और 50 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,47,000 रुपये आंकी गई।
कुल 13 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इस अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रमेश अहिरवार, अशोक माहौरे, राहुल ढोके, अभिलाष पाठक, आबकारी उपनिरीक्षक के. के. पड़रिया, हितेश बिसोरिया, आर. पी. निमोदा, मुख्य आरक्षक दुर्गा प्रसाद मांझी, मदन रघुवंशी, दुर्गेश पठारिया और आरक्षक सुरेश सिकेरिया, धर्मेंद्र, बोबड़े, माया, रौनक, कंचना, सारिका का योगदान रहा।

