

नर्मदापुरम / माय भारत, नर्मदापुरम के तत्वावधान में युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘अपने वोट को जानो’ रहा।
कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर खेल आइकन सुश्री हर्षिता तोमर तथा युवा आइकन सुश्री कृष्णिका अग्रवाल भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान जिला युवा अधिकारी, माय भारत, नर्मदापुरम नितेश जिंदल ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए युवाओं को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकारों तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को जागरूक नागरिक बनने तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर युवा आइकन सुश्री कृष्णिका अग्रवाल ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया पर प्रस्तुतीकरण दिया और इसके विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने युवाओं को मतदाता सूची के पुनरीक्षण, मतदाता विवरण की शुद्धता तथा निर्वाचन प्रक्रिया में जागरूक नागरिकों की भूमिका के बारे में अवगत कराया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं युवाओं को बताया गया कि मतदान केवल एक अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। प्रत्येक मत देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए प्रत्येक युवा को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करनी चाहिए तथा अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने, मतदान के प्रति जागरूक रहने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना रहा।

