
नर्मदापुरम / सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग नर्मदापुरम द्वारा विभागीय शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में केसला विकासखंड के अंतर्गत आने वाले शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी हर्षित कौरव उपस्थित रहे। बैठक में विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा आगामी परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं वितरण, विकासखंड में साइकिल वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण तथा विद्यार्थियों के ओटीआर (OTR) पंजीयन की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, विद्यार्थियों के प्रोफाइल पंजीयन एवं एमपीटास (MPTAAS) पोर्टल पर पंजीयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए शत-प्रतिशत विद्यार्थियों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में त्रैमासिक परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि अर्द्धवार्षिक एवं वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर अभी से तैयारी प्रारंभ की जाए। विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन किया जाए। कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित कर उन पर विशेष ध्यान देने और उनकी विषयवार कठिनाइयों का निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जेईई एवं नीट परीक्षाओं की तैयारी के लिए अलग से कक्षाओं का संचालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थियों को इन परीक्षाओं में सम्मिलित कराने के लिए समय पर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी विद्यालयों में निर्धारित शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय-सीमा में पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के साथ विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई, अभ्यास एवं परीक्षा की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

