
नर्मदापुरम / भारत निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नर्मदापुरम के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 136 सिवनी मालवा की स्टैंडिंग कमेटी की बैठक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व विजय राय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण, भवन परिवर्तन, अनुभागों में संशोधन तथा आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में चर्चा की गई।
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 136 सिवनी मालवा के अंतर्गत दो मतदान केंद्रों के हेडर में सुधार, मतदान केंद्र क्रमांक 314 में नया अनुभाग खोलने, दो मतदान केंद्रों के अनुभागों में संशोधन तथा 33 मतदान केंद्रों के भवन परिवर्तन के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। मतदान केंद्र क्रमांक 330 के अंतर्गत नापूपुरा अनुभाग को यथावत रखने का निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न प्रस्तावों पर अपने सुझाव दिए तथा सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से सहमति व्यक्त की।
बैठक में मतदाता सूची के आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक सभी मतदान केंद्रों पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे ऐसे पात्र युवाओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं।
इसके साथ ही एएसडीडी (ASDD) श्रेणी के मतदाताओं की पहचान कर नियमानुसार मतदाता सूची में आवश्यक सुधार की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से संपर्क कर पुनरीक्षण अवधि में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां प्रस्तुत करें।
बैठक में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं तहसीलदार सिवनी मालवा नितिन झोड़, भाजपा से रघुवीर सिंह राजपूत एवं ऋषिकांत पटवा, कांग्रेस से स्वदेश शर्मा एवं दीपक दीक्षित, बहुजन समाज पार्टी से अंतराम बामनिया, आम आदमी पार्टी से अजय मालवीय, निर्वाचन कार्यालय प्रभारी पंकज परसाई तथा मीडिया प्रभारी राममोहन रघुवंशी उपस्थित रहे।

