
नर्मदापुरम / आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासनिक टीम ने साकेत नगर कॉलोनी स्थित राजस्थान मिष्ठान भंडार के कारखाने का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कारखाना बिना लाइसेंस के संचालित होना पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा मौके से मावा, मिठाई सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
बिना लाइसेंस कारखाना संचालित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 (FSSAI Act, 2006) के प्रावधानों के तहत पंचनामा तैयार किया गया। साथ ही, प्रकरण में नियमानुसार अन्य आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित वरिष्ठ कार्यालय को प्रकरण प्रेषित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सुश्री सीमा बड़ोले, तहसीलदार नगर सुनील शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बी.एस. धाकड़ एवं उनकी टीम उपस्थित रही।
जिला प्रशासन द्वारा दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई निरंतर की जा रही है।

