


नर्मदापुरम / प्रदेश सरकार एक ओर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर शहर में हरे-भरे पेड़ों की कटाई और उन्हें नुकसान पहुंचाने के मामले सामने आ रहे हैं। स्थानीय कोठी बाजार सब्जी मंडी के सामने, हैप्पी मैरिज गार्डन के सामने सड़क किनारे लगे हरे-भरे पेड़ों को काट दिया गया है। वहीं, एक नीलगिरी के पेड़ में पहले आग लगाए जाने और उसके जल जाने का मामला भी सामने आया है।
शहर में पेड़ों को इस तरह नुकसान पहुंचाना पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों पर सवाल खड़े करता है। पेड़ न केवल हरियाली बढ़ाते हैं, बल्कि वातावरण को स्वच्छ रखने और गर्मी के प्रभाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सड़क किनारे लगे हरे-भरे पेड़ों की कटाई और आग से उन्हें नष्ट किए जाने की घटना गंभीर चिंता का विषय है।
जिम्मेदार विभाग की कार्रवाई पर नजर ….
अब सवाल यह है कि सड़क किनारे लगे पेड़ों को किसके द्वारा और किस अनुमति से काटा गया? नीलगिरी के पेड़ में आग किसने लगाई और इस मामले में अब तक कोई जांच या कार्रवाई हुई है या नहीं? संबंधित विभाग को मामले की जांच कर पेड़ों की कटाई के कारणों का पता लगाना चाहिए। साथ ही, पेड़ को आग लगाकर नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
एक ओर पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने के संदेश दिए जा रहे हैं, तो दूसरी ओर पुराने पेड़ों को नुकसान पहुंचना चिंता बढ़ाता है। शहरवासियों का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण के अभियान तभी सार्थक होंगे, जब पेड़ों को लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी।
इस संबंध में हमने नगर पालिका उपयंत्री दीक्षा तिवारी से मो. न. 8319493657 पर बात करना चाहा तो, फोन रिसीव नहीं हुआ ।

