
नर्मदापुरम / पिपरिया / जिले के पुलिस कप्तान साई कृष्णा एस थोटा के दिशा निर्देशन में एवं एएसपी अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में एसडीओपी आशीष पवार के कुशल नेतृत्व में स्टेशन रोड थाना प्रभारी महेंद्र सिंह बघेल और उनकी टीम ने एक चोर को गिरफ्तार कर चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है। तत्संबंध में पुलिस ने बताया कि 26 अगस्त को तहसील कार्यालय पिपरिया से अज्ञात चोरों ने इंटरनेट केबल चोरी कर ली थी । जिसकी रिपोर्ट दर्ज होने पर मामले को विवेचना में लिया गया था। इसके अलावा एक सूने मकान से भी बिजली के तार सहित अन्य सामग्री चोरी हुई थी। दोनों मामले में पुलिस टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का सामान बरामद किया है, उसका एक साथी फरार है। पुलिस ने दोनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे और संदेहियों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बीजनवाड़ा निवासी रोहित कतिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपने साथी भरत उर्फ भरतू के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से इंटरनेट केबल और बिजली के तारों का बंडल बरामद किया है। आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में फरार आरोपी भरत उर्फ भरतू की तलाश की जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह पटेल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।

