
नर्मदापुरम / पिपरिया / जिले के पुलिस कप्तान साई कृष्णा एस थोटा के दिशा निर्देशन में एवं एएसपी अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में एसडीओपी आशीष पवार के कुशल नेतृत्व में मंगलवारा थाना पिपरिया टी आई आदित्य सेन और उनकी टीम ने वेयर हाउस से लाखों की मूंग चोरी करने वाले चोर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। तत्संबंध में पिपरिया टी आई आदित्य सेन ने बताया कि चेतन्य वेयर हाउस से सरकारी मूंग की 70 बोरियां चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। चोरी गई मूंग की कीमत करीब 3 लाख रुपए है। पुलिस ने आरोपी के पास से 30 बोरी मूंग और वारदात में इस्तेमाल ट्रक को जब्त किया है। बाकी आरोपियों और 40 बोरियों की तलाश जारी है। बताया गया कि वेयर हाउस संचालक राजेंद्र कुमार सोडानी ने 22 अक्टूबर को पुलिस थाने में मूंग चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। टी आई श्री सेन ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने हम्माली मोहल्ला निवासी रितेश उर्फ रामदेव केवट को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार बाकी 40 बोरी मूंग भी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बरामद की जाएगी। उक्त कार्यवाही में टी आई आदित्य सेन, एएसआई पर्वत सिंह, प्रधान आरक्षक उपेंद्र दुबे, अरुण जूदेव, हेमंत पटेल, मोहसिन खान, ललित हरने, राधेश्याम पवार, शिवम वर्मा, गुरुप्रसाद पवार आदि का सराहनीय योगदान रहा।

