
नर्मदापुरम / जिले में फसल कटाई के बाद नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिवनी मालवा तहसील क्षेत्र में कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मैदानी स्तर पर सक्रिय हैं। एसडीएम सिवनी मालवा विजय राय ने विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर नरवाई प्रबंधन कार्यों का निरीक्षण किया तथा किसानों को नरवाई नहीं जलाने के लिए जागरूक किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री राय ने ग्राम गाजनपुर में बेलर मशीन के माध्यम से किए जा रहे नरवाई प्रबंधन कार्य का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर फसल अवशेषों का पर्यावरण-अनुकूल तरीके से प्रबंधन करने तथा उपलब्ध कृषि यंत्रों का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने आसपास के किसानों को भी बेलर सहित अन्य कृषि उपकरणों की सहायता से अपने खेतों में नरवाई प्रबंधन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
एसडीएम विजय राय ने बताया कि सिवनी मालवा क्षेत्र में नरवाई प्रबंधन के लिए पर्याप्त कृषि उपकरण उपलब्ध हैं। किसान आसपास के कृषकों से संपर्क कर अथवा जे-फार्म ऐप पर उपलब्ध सर्विस प्रोवाइडरों के माध्यम से आवश्यक कृषि यंत्र प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा कस्टम हायरिंग सेंटर से भी कृषि उपकरण किराए पर लेकर नरवाई का उचित प्रबंधन किया जा सकता है।
प्रशासन द्वारा विगत वर्षों में नरवाई जलाने के कारण अधिक अग्नि दुर्घटनाएं दर्ज होने वाले गांवों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है, ताकि नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे नरवाई जलाने के बजाय उपलब्ध कृषि उपकरणों की सहायता से उसका उचित प्रबंधन करें। नरवाई जलाने से पर्यावरण प्रदूषण के साथ मिट्टी की उर्वरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई एवं जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

