नर्मदापुरम / पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को प्रोत्साहित करने तथा उन्नत नस्ल की देशी गायों के संवर्धन के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रदेश के 208 चयनित वृंदावन ग्रामों में पशुपालकों के बीच प्रतिस्पर्धाएं आयोजित होंगी।
नर्मदापुरम जिले में भी 29 से 31 अक्टूबर तक विधानसभा क्षेत्रवार चार वृंदावन ग्रामों का चयन किया गया है। इनमें सिवनी मालवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बघवाड़ा, होशंगाबाद विधानसभा क्षेत्र में ग्राम रायपुर, सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्राम सेमरी हरचंद तथा पिपरिया विधानसभा क्षेत्र में ग्राम बाचावानी (बनखेड़ी) शामिल हैं।
प्रतियोगिता में सभी वर्गों के पशुपालक भाग ले सकेंगे। इसके माध्यम से पशुपालन को प्रोत्साहन देने, उन्नत नस्ल की देशी गायों के संरक्षण एवं संवर्धन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, पशुपालकों को प्रोत्साहित करने और देशी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

