
नर्मदापुरम / रविवार को जनपद पंचायत नर्मदापुरम की ग्राम पंचायत गुनोरा में मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने 37 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित अटल ग्राम सेवा सदन (नवीन पंचायत भवन) का लोकार्पण किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री पटेल ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास, पंचायतों की भूमिका और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर संवाद किया।
मंत्री श्री पटेल ने नवीन पंचायत भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अटल ग्राम सेवा सदन के निर्माण से ग्राम पंचायत के कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी तथा ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, विधायक प्रेमशंकर वर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

