

नर्मदापुरम / भगवती देवी शर्मा एवं अखंड ज्योति के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला समन्वय समिति नर्मदापुरम द्वारा संपूर्ण जिले में संचालित तहसील स्तरीय यज्ञ श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को मालाखेड़ी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर प्रांगण में पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के सैकड़ों धर्मप्रेमी महिला एवं पुरुष ने सहभागिता कर विश्व कल्याण, जनमंगल एवं सुख-समृद्धि की कामना के साथ यज्ञ भगवान को आहुतियां समर्पित कीं।
वरिष्ठ परिजनों के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ यज्ञ…..
कार्यक्रम भोपाल उपजोन प्रभारी रघुनाथ प्रसाद हजारे के गरिमामयी सानिध्य एवं जिला समन्वयक अनुराग मिश्रा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। टोली नायक यू.के. सिंह एवं अशोक यादव ने वैदिक विधि-विधान के साथ यज्ञीय कर्मकांड का संचालन किया। वहीं सहटोली नायक प्रभाकर राव ने अपने सुमधुर युग संगीत एवं भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उनके भावपूर्ण संगीत से श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं भक्तिरस से सराबोर हो गया।
यज्ञ के माध्यम से श्रद्धालुओं को भारतीय संस्कृति, संस्कार, साधना एवं यज्ञीय जीवनशैली के महत्व से परिचित कराया गया। साथ ही माताजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
स्थानीय गायत्री परिवार एवं कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग…..
आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजनों तुलसीराम बावरिया, संतोष यादव, भागवत मालवीय, बाबूलाल कैथवास, मंगल सिंह वर्मा, श्रीमती संध्या मांगरोल एवं केशव मांगरोल सहित गायत्री परिवार के सभी सदस्यों, प्रबुद्धजनों एवं स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। सभी कार्यकर्ताओं ने समर्पण भाव से आयोजन की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यज्ञ के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर माताजी के विचारों, संस्कारों एवं युग निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।
जिले की आठों तहसीलों में कम से कम 108 स्थानों पर होंगे यज्ञ….
जिला समन्वय समिति के समन्वयक अनुराग मिश्रा ने बताया कि माताजी भगवती देवी शर्मा एवं अखंड ज्योति के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिले की सभी आठों तहसीलों में गायत्री यज्ञों की व्यापक श्रृंखला आयोजित करने का संकल्प लिया गया है। इसके अंतर्गत प्रत्येक तहसील में न्यूनतम 11 से अधिकतम 24 यज्ञ आयोजित करने की योजना है। इस अभियान के माध्यम से जिलेभर में कम से कम 108 स्थानों पर यज्ञ, संस्कार एवं जनजागरण के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री मिश्रा ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यज्ञीय संस्कृति का विस्तार करना, सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना, परिवारों में संस्कारों की स्थापना करना तथा जन-जन में सेवा, साधना, सद्भाव और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत करना है। यज्ञों की यह श्रृंखला केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन एवं रचनात्मक जनजागरण का माध्यम भी बनेगी।
इटारसी में 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ से होगी महा-पूर्णाहुति……
जिलेभर में संचालित इस यज्ञ श्रृंखला की महा-पूर्णाहुति 13 मार्च से 16 मार्च 2027 तक इटारसी में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ होगी। यह आयोजन माताजी भगवती देवी शर्मा जी एवं अखंड ज्योति के जन्मशताब्दी वर्ष के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक एवं सामाजिक अभियान का व्यापक स्वरूप प्रस्तुत करेगा।
गायत्री परिवार का संकल्प है कि इस अभियान के माध्यम से अधिकाधिक परिवार युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माताजी के विचारों से जुड़ें तथा सेवा, साधना, संस्कार और सद्भाव के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के नव निर्माण में सहभागी बनें।

