
नर्मदापुरम / सुशासन के तहत आवेदकों को सुलभ, सरल और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर जिला प्रबंधक लोक सेवा प्रबंधन श्री आनंद झेरवार ने 23 अक्टूबर 2026 को लोक सेवा केंद्र माखन नगर और सोहागपुर का निरीक्षण किया।
श्री झेरवार द्वारा माखन नगर केंद्र के निरीक्षण में व्यवस्था और प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। कुछ आवेदनों में ऑनलाइन प्रिंट साफ नहीं मिला, जिस पर ऑपरेटरों को साफ प्रिंट निकालने और सभी ऑनलाइन आवेदनों पर आवेदकों के हस्ताक्षर अनिवार्य रूप से लेने के निर्देश दिए। शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि, केंद्र और शौचालय में अधिक साफ-सफाई, ऑपरेटरों को यूनिफॉर्म में समय पर उपस्थिति, उपस्थिति रजिस्टर पूरा करने, प्रत्येक आवेदन की पावती आवेदक को देने, भरे गए आवेदनों को अगले दिन तक संबंधित कार्यालयों में भेजने और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग संधारण के निर्देश दिए गए।
सोहागपुर केंद्र में सेवावार रजिस्टरों और आवेदनों की जांच की गई। हार्डकॉपी अगले दिन तक भेजने और पावती प्रिंट साफ निकालने के निर्देश दिए।
दोनों केंद्रों पर सभी सेवाओं की सूची और आवेदन शुल्क प्रदर्शित करने, विनम्र व्यवहार रखने, स्टाफ, पेयजल, बैठक व्यवस्था, इंटरनेट, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, फर्नीचर और प्रचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

