
सिवनी मालवा / नकुल मालवीय / इस वर्ष शारदीय नवरात्र के दौरान नगर की जनता ने डीजे की कान फोड़ू, दिल दहला देने वाली आवाज से बड़ी राहत महसूस की हैं। प्रशासन की सख्ती और कड़े नियमों के चलते इस बार डीजे के बेकाबू शोर पर काफी हद तक लगाम लगी हैं। जिससे आम जनता ने चैन की सांस ली हैं।
प्रशासन की सख्ती का दिखा असर…..
पिछले त्योहार और कार्यक्रमों में बजने वाले डीजे लाउडस्पीकर और बॉक्स संस्कृति ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की सेहत, मरीजों की नींद और नवजात शिशुओं के जीवन पर इसका बुरा असर पड़ रहा था। लेकिन इस बार जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीम विजय राय और पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण को लेकर बरती गई सख्ती रंग लाई। जिसके तहत नगर निरीक्षक नवीन कुमार पांडेय ने डीजे संचालको पर कार्रवाई भी की। वही डेसिबल सीमा और समय का पालन करने के लिए पुलिस प्रशासन ने नजर बनाए रखी।
जनता में खुशी का माहौल दिखा……
शोर शराबे से राहत मिलने के बाद शहर के लोगों ने प्रशासन के इस कदम की खुलकर सराहना की हैं, वरिष्ठ नागरिकों की ने प्रतिक्रिया देते हुए कहां की पहले डीजे की तेज आवाज और धमक से घर की खिड़कियां तक हिलती थी, इस बार शांतिपूर्ण माहौल में त्यौहार मानना वाकई सुकून देने वाला लगा।
व्यापारी, शहर के व्यापारियों को मिली राहत……
शहर के व्यापारियों और नागरिकों का कहना हैं कि इस बार ध्वनि प्रदूषण कम होने से न केवल लोगों को मानसिक शांति मिली है बल्कि पारंपरिक और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल भी बेहतर हुआ हैं। चिकित्सकों का मानना हैं कि इस बार के कदमों से उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) और दिल के मरीजों को बड़ी राहत मिली हैं, प्रशासन के इस सख्त और जनहितैषी रवैये की हर तरफ चर्चा है और आम जनता उम्मीद कर रही हैं कि यह व्यवस्था आगे भी सख्ती से लागू रखी जावेगी।
पुलिस ने फिर की कार्रवाई, ट्रेक्टर-ट्राली साउंड बॉक्स किए जब्त….
सिवनी मालवा पुलिस ने गुरुवार को की रात को जेल रोड़ पर 1 ट्रेक्टर-ट्राली पर डीजे के उपयोग करने पर कार्रवाई करते हुए ट्रेक्टर-ट्राली सहित साउंड बक्सों को जब्त किया। इस संबंध में थाना प्रभारी नवीन कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस को गांधी चौक से जेल रोड सिवनी मालवा क्षेत्र में ट्रेक्टर-ट्राली पर डीजे मशीन, साउंड बॉक्स रखकर बजाए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रतिबंधात्मक आदेश प्रभावशील होने के बावजूद डीजे बजाते पाए जाने पर डीजे संचालक और ट्रेक्टर मालिक को आरोपी बनाते हुए अजय प्रजापती पिता गणेश प्रजापती, उम्र 29 वर्ष, निवासी कुम्हार मोहल्ला, जेल रोड, सिवनी मालवा, विवेक प्रजापती पिता भगवान दास, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम लोखरतलाई, सिवनी मालवा पर कार्रवाई की। वही पुलिस ने डीजे बजाने में प्रयुक्त एक ट्रेक्टर- ट्राली, 3 बड़े डीजे बॉक्स, 1 मिक्सर मशीन, 2 जनरेटर सेट को जब्त किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण रखने, आमजन को ध्वनि से होने वाली असुविधा से बचाने तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

