
नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित स्वर्गीय जिनवरदास फौजदार स्मृति अंडर-15 बालक वर्ग इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत बैतूल और हरदा के बीच दो दिवसीय मुकाबला एमपीसीए ग्राउंड, नर्मदापुरम में खेला जा रहा है। मैच के पहले दिन बैतूल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 312 रन बनाए, जबकि जवाब में हरदा की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 33 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए।
संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि बैतूल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की ओर से रुद्राक्ष नागोरे ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 134 रन बनाए। उनके अलावा वेदांत सिंगारे ने 49 रन तथा अभिनव साठे ने 34 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत बैतूल की टीम पहली पारी में 312 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
हरदा की ओर से गेंदबाजी करते हुए सात्विक वर्मा ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि सुंदरम रायखेरे ने 2 विकेट लिए। हितांश पटेल, रौनक दोगने और रियांश शर्मा को 1-1 विकेट मिला।
312 रनों के लक्ष्य के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी हरदा की टीम बैतूल के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। दिन का खेल समाप्त होने तक हरदा ने 33 रन पर 5 विकेट गंवा दिए। बैतूल के देवांशु चौहान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि विजित दावंडे ने 1 विकेट हासिल किया। पहली पारी के आधार पर हरदा की टीम अभी बैतूल से 279 रन पीछे है और उसके 5 विकेट शेष हैं। ऐसे में मैच के दूसरे दिन हरदा के बल्लेबाजों के सामने पारी को संभालने की बड़ी चुनौती होगी।
मैच के दौरान एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी सदस्य अनुराग मिश्रा, एमपीसीए मैच ऑब्जर्वर पुनीत चतुर्वेदी, सिलेक्शन कमेटी चेयरमैन निर्वेश फौजदार, चयनकर्ता शफीक खान, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोहर बिलथरिया, सहसचिव सुनील कोलोसिया, कोच नितेश राजपूत, अंपायर विष्णु बौरासी एवं आदित्य राजपूत, स्कोरर नीरज गौर, बैतूल के कोच गोपाल खाटारे, हरदा के कोच चंदन संगुले, खिलाड़ियों के अभिभावकगण तथा ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे।

