
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / किशोर विद्यार्थियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कल्याण हेतु शासकीय माखनलाल चतुर्वेदी उमा विद्यालय, हिरनखेड़ा में सिविल हास्पिटल सिवनी मालवा द्वारा उमंग सत्र का आयोजन किया गया। सहायक संचालक शिक्षा विभाग योगेश मनोहरे ने किशोर विद्यार्थियों को उमंग स्वास्थ्य केंद्र द्वारा दी जाने वाली सेवाओं का लाभ लेकर शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उमंग में रहने हेतु प्रेरित किया।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उमंग केंद्र के परामर्शदाता ईश्वर विश्नोई ने विद्यार्थियों को किशोर अवस्था एवं इसमें होने वाले परिवर्तनों की जानकारी देते हुए पोषण आहार, मानसिक स्वास्थ्य, नशामुक्ति, अ-संचारी रोग, सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर विस्तार से समझाया। किशोरों के लिए वर्णित जीवन कौशल को अपनाकर सही दिशा में कार्य करने, व्यक्तित्व का विकास करने, योग प्राणायाम करने एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर मार्गदर्शन दिया। साथ ही उमंग हेल्पलाइन, टेली मानस हेल्पलाइन, मनहित एप, जस्ट आस्क चैटबाट की महत्ता बताकर इनके प्रयोग संबंधी जानकारी दी।
आरबीएसके डॉ. प्रियंका मसराम ने स्वास्थ्य परीक्षण, व्यक्तिगत स्वच्छता, एनीमिया, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर चर्चा कर मार्गदर्शन दिया।
प्राचार्य राकेश साहू ने उमंग सत्र को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु महत्वपूर्ण बताकर सभी का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान शासकीय विद्यालय सोमलवाड़ा के प्राचार्य राममोहन रघुवंशी, शासकीय विद्यालय मकोड़िया के प्राचार्य हरिप्रसाद परेवा, उमंग प्रभारी संध्या वर्मा, विकास दीक्षित, अर्चना खरे, लखनलाल सुलेखिया एवं अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी शामिल रहे।

