
नर्मदापुरम / जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास भोपाल द्वारा नगरपालिका परिषद सिवनी मालवा में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत निरीक्षण एवं समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान आयुक्त ने नगर के प्रमुख विकास प्रोजेक्ट्स की प्रगति की जानकारी ली। इनमें शिवराज पार्क, अमृत वॉटर बॉडी/पार्क, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट, ऑडिटोरियम, बानापुरा नवीन मोहन पार्क, रामवाटिका में नवनिर्माणाधीन चौपाटी, नगरपालिका अंडरग्राउंड पार्किंग स्थल और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नवनिर्मित नमो आवासीय परिसर (मल्टी) एवं अमृत योजना अंतर्गत शक्ति घाट का निरीक्षण शामिल रहा।
आयुक्त ने मल्टी के हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही नगरपालिका में संचालित समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। आयुक्त महोदय ने सख्त निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को गति देने के लिए बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों (बैंकर्स) को भी बुलाया गया। आयुक्त महोदय ने बैंकर्स को निर्देशित किया कि योजना के पात्र हितग्राहियों के लोन प्रकरणों को शीघ्र स्वीकृत करें।
समीक्षा बैठक में संभागीय संयुक्त संचालक रामकुमार इवनाती, नगरपालिका अध्यक्ष रितेश जैन, नर्मदापुरम की कार्यपालन यंत्री श्रीमती मीनाक्षी चौधरी, संभागीय कार्यालय की सहायक यंत्री सुश्री वैशाली पाण्डेय, संभागीय कार्यालय के लिपिक सुजीत यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमर सिंह उईके उपस्थित रहे।
इसके साथ ही नगरपालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र गौर, समस्त सम्मानीय पार्षदगण, उपयंत्री चन्द्रकांत कंवर, प्रभारी लेखापाल महेन्द्र सिंह परिहार, राजेन्द्र पाठक सहित नगरपालिका के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

