
नर्मदापुरम / इटारसी के समस्त व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि आज पुराने बस स्टैंड पर गज्जू तिवारी के आह्वान पर एकत्रित हुए। सभी ने एक स्वर में मांग की कि पुराने बस स्टैंड पर बसों के लिए 5 मिनट की पिक एंड ड्रॉप सुविधा दोबारा शुरू की जाए। इस जनहित की मांग को लेकर सभी प्रतिनिधियों ने संघर्ष करने की सहमति जताई।
मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ‘गज्जू’ ने बताया कि कल प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर आशीष वशिष्ठ से मुलाकात कर पूरे शहर की पीड़ा और आम जनता को हो रही परेशानियों से अवगत कराया था।
उन्होंने कहा कि फिलहाल कलेक्टर के निर्णय की प्रतीक्षा करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। हमें उम्मीद है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।
गज्जू तिवारी ने कहा कि पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप सुविधा बंद होने से व्यापारी, बस संचालक, कंडक्टर, मजदूर, किसान, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। यह केवल व्यापारियों का नहीं, बल्कि पूरे इटारसी शहर और आम जनमानस का मुद्दा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि हम नए बस स्टैंड का विरोध नहीं कर रहे हैं। हमारी मांग केवल इतनी है कि पुराने बस स्टैंड पर बसों का 5 मिनट का पिक एंड ड्रॉप स्टॉपेज भी जारी रखा जाए।
उन्होंने कहा कि यदि जनहित में उचित समाधान नहीं निकलता है, तो सभी वर्गों के लोग अपने हक और अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को तैयार हैं।
“यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि इटारसी की जनता के अधिकार और शहर के व्यापार को बचाने की लड़ाई है।”
– गजानंद तिवारी (गज्जू भैया), प्रदेश अध्यक्ष, म.प्र. कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड।

