
नर्मदापुरम / जिले में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने तथा स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और खेल कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से नर्मदा फुटबॉल अकादमी द्वारा जिला स्तरीय फुटबॉल चैंपियन ट्रॉफी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 23, 24 एवं 25 अक्टूबर 2026 तक एस एन जी स्कूल में किया जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 25 अक्टूबर को खेला जाएगा।
इस प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न फुटबॉल टीमें भाग लेंगी। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले में फुटबॉल खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क को प्रोत्साहित करना है।
प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें अंडर-12 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को भी अवसर दिया जाएगा। इस वर्ग में जिले की चार टीमें भाग लेंगी, जिससे कम उम्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और भविष्य में बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रतियोगिता में जागृति फुटबॉल क्लब इटारसी, फाइटर फुटबॉल क्लब इटारसी, ऑर्डनेंस फैक्ट्री फुटबॉल क्लब इटारसी, सोहागपुर फुटबॉल क्लब, पिपरिया फुटबॉल क्लब एवं नर्मदापुरम फुटबॉल क्लब सहित अन्य टीमें हिस्सा लेंगी।
नर्मदा फुटबॉल अकादमी का उद्देश्य जिले में फुटबॉल की प्रतिभाओं को आगे लाना और खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस आयोजन के माध्यम से जिले के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल मिलेगा तथा उन्हें अपनी खेल क्षमता साबित करने का अवसर प्राप्त होगा।

