
नर्मदापुरम / मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में रेलवे ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए रानी कमलापति–अगरतला–रानी कमलापति साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को अब नियमित साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। इससे मध्य प्रदेश से त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को नियमित रेल सेवा का लाभ मिलेगा। वर्तमान में ट्रेन संख्या 01665/01666 से संचालित यह स्पेशल ट्रेन अब ट्रेन संख्या 11665/11666 रानी कमला पति–अगरतला–रानी कमलापति साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलेगी। ट्रेन संख्या 11665 का नियमित संचालन 22 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक गुरुवार को रानी कमलापति स्टेशन से तथा ट्रेन संख्या 11666 का संचालन 25 अक्टूबर 2026 से प्रत्येक रविवार को अगरतला स्टेशन से प्रारंभ होगा।यह ट्रेन मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और त्रिपुरा को रेल मार्ग से जोड़ेगी। अपने निर्धारित मार्ग पर यह नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी, मैहर, सतना, प्रयागराज छिवकी, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, पटना क्षेत्र, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूचबिहार, गुवाहाटी, बदरपुर जंक्शन और धर्मनगर सहित विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।इस ट्रेन के नियमित संचालन से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सुविधाजनक विकल्प मिलेगा। साथ ही, मध्य प्रदेश से पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों तक आवागमन सुगम होगा और पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच की संशोधित संरचना निर्धारित है। इसमें 08 स्लीपर, 02 सेकेंड एसी, 01 थर्ड एसी इकोनॉमी, 05 थर्ड एसी, 04 सामान्य श्रेणी के कोच तथा 01 एलएलआरडी और 01 जनरेटर कार शामिल हैं। इससे यात्रियों को अपनी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में यात्रा का विकल्प मिलेगा।

