नर्मदापुरम / नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय जिनवरदास फौजदार अंडर-15 बालक वर्ग इंटर-डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ बुधवार को एमपीसीए क्रिकेट ग्राउंड, नर्मदापुरम में हुआ। प्रतियोगिता का पहला दो दिवसीय मुकाबला नर्मदापुरम एवं हरदा जिले की टीमों के मध्य खेला जा रहा है। शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि नर्मदापुरम संभाग के पुलिस महानिरीक्षक श्री चंद्रशेखर सोलंकी थे।
क्रिकेट के प्रति समर्पण और अनुशासन सफलता की कुंजी – आईजी सोलंकी…..
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्रिकेट उनका पसंदीदा खेल रहा है और वे स्वयं भी क्रिकेटर रहे हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनकी व्यक्तिगत मेहनत के साथ-साथ कोच, मेंटोर और अभिभावकों का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसलिए सभी खिलाड़ियों को पूरी ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ अभ्यास करते हुए अपने खेल को निखारना चाहिए।
पिता की स्मृति में आयोजित होती है प्रतियोगिता…..
इस अवसर पर संभाग के संरक्षक सदस्य राकेश फौजदार ने बताया कि उनके पूज्य पिताजी स्वर्गीय श्री जिनवरदास फौजदार स्वयं खिलाड़ी रहे थे। उनकी स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा इस अंडर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी के सदस्य अनुराग मिश्रा ने अपने संबोधन में नर्मदापुरम संभाग की क्रिकेट उपलब्धियों की जानकारी देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में संभाग से और अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ी मध्यप्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
पहले दिन नर्मदापुरम ने बनाई 22 रन की बढ़त…..
नर्मदापुरम संभाग क्रिकेट एसोसिएशन के मानसेवी सचिव प्रदीप सिंह तोमर ने पहले दिन के खेल की जानकारी देते हुए बताया कि हरदा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। हरदा की पूरी टीम 42.2 ओवर में 123 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हरदा की ओर से रेयांश शर्मा ने सर्वाधिक 69 रन बनाए।
नर्मदापुरम की ओर से दिव्यांश गालर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए, जबकि अनंत पेशवानी ने 3, अंश सिद्धाना ने 2 और आयुष संतोरे ने 1 विकेट लिया।
हरदा के 123 रनों के जवाब में नर्मदापुरम की टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 47 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 145 रन बना लिए। नर्मदापुरम की ओर से निष्कर्ष पाराशर ने शानदार 58 रन तथा दिव्यराज सिंह राजपूत ने 17 रन का योगदान दिया। इस प्रकार नर्मदापुरम ने पहली पारी में 22 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है।
हरदा की ओर से सात्विक वर्मा और रेयांश शर्मा ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट प्राप्त किए। दो दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन का खेल परिणाम की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा।
मैच में अंपायर की भूमिका विष्णु बौरासी एवं कुणाल पटेल ने निभाई, जबकि स्कोरर श्री नितेश राजपूत रहे।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति…..
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश चौरे, सचिव मनोहर बिलथरिया, निर्वेश फौजदार, शफीक खान, माधव हरने, चेतन राजपूत सहित अन्य गणमान्यजन, खिलाड़ियों के अभिभावक एवं ग्राउंड स्टाफ उपस्थित रहे। यह प्रतियोगिता युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने, खेल कौशल विकसित करने और भविष्य में प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।

