
नर्मदापुरम / इटारसी / पुराने बस स्टैंड पर पिक एंड ड्रॉप सुविधा जारी रखने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ‘गज्जू’ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार शाम 6 बजे नर्मदापुरम में कलेक्टर आशीष वशिष्ठ से मिला।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा शाम 6 बजे मिलने का समय दिया गया था। निर्धारित समय पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बस स्टैंड से जुड़े मुद्दे पर कलेक्टर को विस्तृत जानकारी दी और आम जनता, विद्यार्थियों, मजदूरों, व्यापारियों एवं यात्रियों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुराने बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए 5 मिनट की पिक एंड ड्रॉप सुविधा पुनः शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी। प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का जल्द समाधान करेगा।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रमेश के. साहू, पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल दर्डा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट नेहा चावरे, कांग्रेस सेवादल जिला अध्यक्ष अमित गुप्ता, अश्विनी पालीवाल, रज्जू प्रजापति, आनंद ऊंटवार एवं भागीरथ कहार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
गजानंद तिवारी ‘गज्जू’ ने कहा कि हमारा उद्देश्य नए बस स्टैंड का विरोध करना नहीं, बल्कि पुराने बस स्टैंड पर भी आम जनता को सुविधाजनक आवागमन का विकल्प उपलब्ध कराना है। जनता की परेशानी दूर करना ही हमारी प्राथमिकता है।

