
नर्मदापुरम / शहर के नारायण नगर आईटीआई रोड स्थित पुलिया के पास सरकारी नाले पर पक्का मकान और दुकान का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नाले से लगी जमीन पर पक्की सड़क भी बना दी गई है। उक्त जमीन नजूल की बताई जा रही है, इसके बावजूद यहां कथित रूप से अतिक्रमण कर पक्का निर्माण किया गया है।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि इस मामले में नगर पालिका और नजूल विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत हो सकती है, जिसके चलते अब तक अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं हुई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
शहर में एक ओर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, वहीं दूसरी ओर नारायण नगर स्थित पुलिया के पास कथित तौर पर सरकारी नाले की जमीन पर दो मंजिला पक्का मकान, दुकान और सड़क निर्माण होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
अब सवाल यह है कि सरकारी नाले और नजूल भूमि की निष्पक्ष जांच कब होगी? प्रशासन को मौके का सीमांकन कराकर निर्माण की वैधता की जांच करनी चाहिए तथा यदि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

