
नर्मदापुरम / पुरानी इटारसी क्षेत्र में संकल्प सेवा समिति द्वारा 15,16 एवं 17 अक्टूबर को भव्य गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस आयोजन में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गरबा महोत्सव का भरपूर आनंद उठाया। आयोजन के दौरान महिलाओं एवं बच्चों ने गरबा की धुनों पर जमकर नृत्य किया, जिससे पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा।
गरबा महोत्सव में बेहतर ध्वनि व्यवस्था की जिम्मेदारी श्री गजानन साउंड & लाइट्स द्वारा निभाई गई। आकर्षक ध्वनि व्यवस्था के बीच प्रतिभागियों ने गरबा का आनंद लिया और आयोजन में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संकल्प सेवा समिति के सदस्यों द्वारा श्री गजानन साउंड & लाइट्स के संचालक तुषार सपकाल एवं उनकी टीम को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। समिति द्वारा टीम के कार्य की सराहना करते हुए उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
तीन दिवसीय गरबा महोत्सव ने पुरानी इटारसी में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश दिया। आयोजन में शहरवासियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

