
नर्मदापुरम / कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देश पर नर्मदापुरम् को ‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ में सिरमौर बनाने की कवायद अब जमीन पर उतर चुकी है। इसी कड़ी में मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने शनिवार अलसुबह करीब 5:30 बजे शहर की सड़कों पर पैदल घूमकर औचक निरीक्षण किया। अचानक सुबह-सबेरे सीएमओ को फील्ड में देख सफाई महकमे और अमले में हड़कंप मच गया।
सुबह 5:30 बजे शुरू हुआ निरीक्षण….
स्वच्छ भारत अभियान के प्रभारी अधिकारी अनुराग तिवारी ने बताया कि सीएमओ श्री देशमुख सुबह ठीक साढ़े पांच बजे पैदल ही शहर के विभिन्न इलाकों का जायजा लेने निकले। इस दौरान उन्होंने पिछले बैठक में दिए गए निर्देशों के जमीनी क्रियान्वयन का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि शहर के हर कोने की सफाई सुनिश्चित की जाए, कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कचरा वाहन में ही डालें कचरा….
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने शहर की सफाई व्यवस्था में जुटे ‘स्वच्छदूतों’ (कर्मचारियों) से सीधा संवाद किया। उन्होंने कड़े शब्दों में निर्देश दिए कि शहरभर का कचरा केवल उचित स्थान पर ही एकत्रित किया जाए और कचरा गाड़ी आने पर पूरा कचरा उसी में डाला जाए।
कचरे में आग लगाई तो होगी सीधी वैधानिक कार्रवाई….
सीएमओ ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि एकत्रित किए गए कचरे में किसी भी स्थिति में आग न लगाई जाए। यदि कचरे में आग लगाते हुए कोई पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ सीधे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पर्यावरण संरक्षण और शहर की आबोहवा को सुरक्षित रखने के लिए यह कदम बेहद कड़ा माना जा रहा है।
औचक निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत अभियान प्रभारी अधिकारी अनुराग तिवारी सहित अन्य सुपरवाइजर और नगर पालिका के तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे। सीएमओ श्री देशमुख की इस तेज-तर्रार और सक्रिय कार्रवाई से यह साफ है कि नर्मदापुरम् को स्वच्छता में नंबर-01 बनाने के लिए इस बार पूरी तरह एक्शन मोड में है।

