दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम ।
जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी के 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। सिंधी कॉलोनी निवासी श्याम सुंदर खत्री ने 21 अगस्त 2025 को थाना कोतवाली में अपनी सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 05 MZ 5471 के चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन तथा एसडीओपी जितेन्द्र पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला को त्वरित कार्रवाई एवं अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि उक्त चोरी की वारदात को विदिशा जिले के एक बदमाश ने अंजाम दिया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कृष्णगोपाल जाटव निवासी कागपुर थाना करारिया को विदिशा से हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने नर्मदापुरम से बाइक चोरी करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 50,000 मूल्य की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है। सराहनीय भूमिका थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला, प्रधान आरक्षक विनोद लिखितकर, राजकुमार धाकड़ तथा आरक्षक संतोष, रोहित एवं मनीष की रही।

