



नर्मदापुरम / शासकीय कन्या महाविद्यालय इटारसी के तत्वावधान में स्थानीय श्रीमंत राजमाता विजया राजे सिंधिया खेल प्रांगण में संभाग स्तरीय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। खेलकूद के इस महाकुंभ में नर्मदापुरम संभाग के विभिन्न जिलों से कुल पांच मजबूत टीमें—नर्मदापुरम, सीहोर, भोपाल, राजगढ़ एवं रायसेन की खिलाड़ी छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने पहुँची हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने खेल मैदान पर पहुँचकर संभाग भर से आईं सभी प्रतिभागी छात्राओं से व्यक्तिगत रूप से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के मुख्य अतिथि, नर्मदापुरम क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं मध्य प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद जीवन में अनुशासन, समन्वय और मानसिक दृढ़ता का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने बेटियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि आज हमारी बेटियां हर क्षेत्र में संभाग और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एस. मेहरा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया तथा महाविद्यालय द्वारा शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर किए जा रहे नवाचारों पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष श्री पंकज चौरे ने भी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि नगर पालिका और प्रशासन खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा तत्पर है। इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि राहुल चौरे, राजा तिवारी, जय किशोर चौधरी एवं विक्रम राय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने खेल प्रांगण में पहुंचकर खिलाड़ियों का भरपूर मनोबल बढ़ाया। प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला नर्मदापुरम जिला और भोपाल जिला की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें कड़े संघर्ष के बाद भोपाल जिले की टीम ने विजेता एवं नर्मदा पुरम जिले में उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भोपाल जिले की औनिका ने श्रेष्ठ खिलाड़ी का प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किया। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मुकेश चंद्र बिष्ट ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के डॉ. शिरीष कुमार परसाई ने अपनी ओजस्वी और गरिमामयी शैली में किया, जबकि आभार प्रदर्शन व आयोजन में डॉ. संजय आर्य की सक्रिय भूमिका रही। चयन समिति में हमीदिया कॉलेज की ओर से बृजेंद्र मेश्राम उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. हरप्रीत रंधावा, स्नेहांशु सिंह, रविंद्र चौरसिया, डॉ. हर्षा शर्मा, श्रीमती प्रेमलता पाटिल, श्रीमती पूनम साहू, नीतू अहिरवार, अमन वर्मा, शुभम अहिरवार, अदिति पटेल, प्रिया कलोशिया, तरुणा तिवारी, करिश्मा कश्यप, मंथन दुबे, लवली शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। संभाग भर से आए टीम मैनेजर, खेल प्रेमियों, प्राध्यापकों और छात्राओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

