
नर्मदापुरम / शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर नर्मदापुरम के मार्गदर्शन में नर्मदापुरम जिले में नरवाई प्रबंधन हेतु कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभाग सिवनी मालवा के अंतर्गत खरीफ फसल की कटाई के उपरांत खेतों में बची नरवाई (पराली) के अवशेषों को जलाए जाने से रोकने तथा उसके समुचित प्रबंधन के संबंध में निरंतर कठोर कार्रवाई की जा रही है। इस बाबत अनुविभागीय दंडाधिकारी सिवनी मालवा द्वारा पहले ही प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जा चुके हैं। जिसमें खेत में नरवाई जलाने या प्रबंधन न करने वाले व्यक्तियों तथा बिना एसएमएस (Straw Management System) अटैचमेंट के चलने वाले हार्वेस्टरों के विरुद्ध दंडात्मक एवं जुर्माने कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश विभिन्न विभागीय एवं किसान प्रतिनिधियों की बैठकों में दिए गए हैं।
इसी क्रम में गुरूवार को एसडीएम सिवनी मालवा विजय राय द्वारा तोरनिया, रूपादेह, बनाड़ा, भांगिया, हरपालपुर और रेहड़ा आदि ग्रामों का औचक भ्रमण किया गया। ग्राम बनाड़ा में कृषक अशोक पटेल तथा आसपास के ग्रामीणों द्वारा मल्चर, बेलर इत्यादि के माध्यम से नरवाई प्रबंधन कराया जा रहा है मौके पर पहुंचकर समस्त स्थानीय कृषकों को नरवाई प्रबंधन के संबंध में जागरूक तथा प्रोत्साहित किया गया। वहीं ग्राम भांगिया, बनाड़ा एवं हरपालपुर के खेतों में नरवाई में आग लगाई जाना पाया गया। इस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित हल्का पटवारी, पंचायत सचिव, जीआरएस एवं ग्राम सेवक को दोषी व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल जुर्माना अधिरोपित करने तथा एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही सभी क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे नरवाई न जलाकर उसका उचित प्रबंधन करें, अन्यथा प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाकर FIR दर्ज कराई जाएगी।

