
नर्मदापुरम / त्योहारों के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इटारसी में तेल निर्माता, विक्रेताओं एवं किराना व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संदेह के आधार पर सोयाबीन एवं सरसों तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 8 नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश एस. दियावार एवं बी.एस. धाकड़ ने निरीक्षण के दौरान मेहमान सोयाबीन तेल, गंगाधारा सोयाबीन तेल, शुभ मंगल सोयाबीन तेल एवं सरसों तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रकरण प्रस्तावित किए जाएंगे।
अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा प्रशासन की चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान मसालों, तेल, मिठाई सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 35 नमूनों की जांच की गई। इसका उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में नियमित रूप से जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई जारी रहेगी।

