
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में स्थानीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में योग एवं आत्मरक्षा दिवस का भव्य आयोजन किया गया।
शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रितेश कुमार जैन रहे, अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार रघुवंशी ने की।
कार्यक्रम का विस्तृत विवरण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोहन गुर्जर एवं छात्रा विंग कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विजय श्री मालवीय द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसका उद्देश्य युवाओं को शारीरिक, मानसिक रूप से स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. नवनीत कुमार सोनारे एवं डॉ. निधि छीपा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
कार्यक्रम को तीन प्रमुख सत्रों में विभाजित किया गया। प्रथम सत्र योग सत्र रहा जिसमें योग प्रशिक्षक राजेंद्र पचौरी एवं सुनील कुमार गौड़ ने 200 से अधिक स्वयंसेवकों को सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
द्वितीय सत्र तनाव प्रबंधन एवं हार्ट फुलनेस सत्र रहा जिसमें डॉ. रश्मि सोनी ने विद्यार्थियों को बताया कि परीक्षा के तनाव और जीवन की भागदौड़ से कैसे बचा जा सकता है। उन्होंने सभी को हार्ट फुलनेस रिलैक्सेशन और मेडिटेशन का लाइव अभ्यास कराया।
तृतीय सत्र आत्मरक्षा विशेष रूप से छात्राओं के लिए आयोजित था। इसमें आत्मरक्षा प्रशिक्षक कुमारी रोशनी राजपूत एवं सौरभ धुर्वे ने आत्मरक्षा के विभिन्न दांव-पेंच, पंच, किक एवं विपरीत परिस्थिति से बचने के गुर सिखाए और प्रैक्टिकल डेमो भी दिया।
सभी प्रशिक्षण सत्रों के पश्चात मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रितेश कुमार जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि कुसुम कॉलेज की एनएसएस इकाई डॉ. मोहन गुर्जर और श्रीमती विजय श्री मालवीय के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। इसके पश्चात श्री जैन द्वारा उपस्थित समस्त छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं प्राध्यापकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। उन्होंने सभी को संकल्प दिलाया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि योग जोड़ता है और नशा तोड़ता है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार रघुवंशी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में योग और आत्मरक्षा को विशेष महत्व दिया गया है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के अंत में महिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती विजय श्री मालवीय द्वारा सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, फैकल्टी मेंबर्स एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया। अंत में फिट इंडिया की शपथ एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

