


नर्मदापुरम / स्थानीय मालाखेड़ी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी के गेट नंबर-1 पर सड़क किनारे रेत का ढेर लगाने तथा जेसीबी मशीन, डंपर और अन्य वाहन खड़े किए जाने से रहवासियों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिर में दर्शन करने जाने वाली महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को रास्ते से निकलने में दिक्कत हो रही है।
रहवासियों के अनुसार, उमंग साहू के मकान के सामने सड़क पर रेत का ढेर और भारी मशीनें खड़ी होने से रास्ता बाधित हो रहा है। वहीं, मकान में रहने वाले मजदूरों द्वारा खाने-पीने का सामान सड़क पर फेंके जाने से भी लोगों को परेशानी हो रही है। सुबह भगवान को जल चढ़ाने मंदिर जाने वाली महिलाओं को गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
आस्था के मार्ग पर परेशानी, प्रशासन से कार्रवाई की मांग….
नवरात्रि के दौरान मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ऐसे में मंदिर के रास्ते पर रेत, भारी मशीनों और वाहनों का जमावड़ा श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ा रहा है। स्थानीय निवासियों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन, कलेक्टर, तहसीलदार और नगर पालिका से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
रहवासियों का कहना है कि सड़क पर रखी सामग्री और खड़े वाहनों के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। प्रशासन मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करे और रास्ते से अवरोध हटवाकर श्रद्धालुओं तथा कॉलोनीवासियों को राहत दिलाए।
अब देखना यह है कि नवरात्रि के इस पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की परेशानी दूर करने के लिए प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है।

