

नर्मदापुरम / नर्मदापुरम के रसूलिया स्थित धाकड़ मेडिकल पर बड़ी माई उत्सव समिति के तत्वावधान में प्रतिदिन प्रसादी वितरण एवं भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आस्था और सेवा भाव से जुड़े इस आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में सलकनपुर जाने वाले श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं। वहीं, नर्मदापुरम सहित आसपास के क्षेत्रों के प्रसिद्ध भजन (जस) मंडलों द्वारा भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। आयोजन में माताओं, बहनों और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिल रही है।
समिति द्वारा बताया गया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को बढ़ावा देना तथा युवाओं को धर्म एवं आध्यात्मिक आयोजनों से जोड़ना है। समिति का मानना है कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में धार्मिक संस्कार, सेवा भाव और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन के अंतर्गत अब तक सरस्वती जस मंडल सामोन, सोनतलाई जस मंडल सोनतलाई, शिव रामायण मंडल बुदनी, ठाकुर भजन मंडल हिगनासिर और ठाकुर भजन मंडल ढाबा कलां द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जा चुकी हैं। वहीं, आगामी दिनों में शर्मा भजन मंडल मकोड़िया, महाकाल जस मंडल जहानपुर और श्री कृष्ण सुदर्शन मंडल काजलखेड़ी द्वारा भजन प्रस्तुति दी जाना शेष है। इन मंडलों की प्रस्तुतियों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।
सलकनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा भी जारी….
बड़ी माई उत्सव समिति द्वारा धार्मिक आयोजन के साथ सेवा कार्य भी किए जा रहे हैं। सलकनपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन चाय, पानी और प्रसादी वितरण की व्यवस्था की जाती है। समिति की इस पहल को धार्मिक आस्था के साथ जनसेवा का उदाहरण माना जा रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक युवा सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सेवा कार्यों से जुड़ सकें।

