




नर्मदापुरम / नर्मदापुर युवा मंडल द्वारा महिला सशक्तिकरण, नारी शक्ति के शौर्य को समर्पित शक्ति शौर्य महारास का आयोजन बुधवार को हरदा बाईपास स्थित रैनट्री गार्डन में हुआ। आयोजन समिति के सदस्य मनीष परदेशी ने बताया कि मातृशक्तियों ने अपने हाथों में तलवार थामकर माँ दुर्गा की आराधना की एवं शौर्य गरबा किया। सबसे पहले शास्त्रों का पूजन किया गया इसके बाद हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ एवं भारत माता की आरती की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया शामिल हुई। मंत्री निर्मला भूरिया मातृशक्तियों के बीच पहुंची और उनका उत्साह वर्धन का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में सांसद दर्शनसिंह चौधरी, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू यादव, जिला सहकारी बैंक पूर्व अध्यक्ष भरतसिंह राजपूत, पूर्व जनपद अध्यक्ष भगवती चौरे, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास नारोलिया, मंडल अध्यक्ष रुपेश राजपूत, भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक महालहा, पार्षद आरती लक्ष्मण बैस सहित शहर की महिला जनप्रतिनिधिगण अथिति रहे। नर्मदापुर युवा मंडल अध्यक्ष ने शक्ति शौर्य महारास कार्यक्रम की रुपरेखा मंत्री के सामने रखी रखी। माखननगर की बाल कवित्री काव्य पुरोहित ने महिला सशक्तिकरण पर कविता सुनाई। काव्या ने अपनी कविता के माध्यम से महिलाओं की शक्ति, आत्मसम्मान, साहस और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के समान अवसर मिलना चाहिए। जब महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ती हैं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी प्रगति करते हैं। माँ दुर्गा की आराधना हमें साहस, आत्मबल और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देती है। मातृशक्तियों द्वारा हाथों में तलवारें थामकर शौर्य महारास प्रस्तुत करना नारी के साहस, आत्मविश्वास और सामर्थ्य का प्रतीक है। उन्होंने मातृशक्तियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए तथा अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। शक्ति शौर्य महारास में बड़ी संख्या में युवती और महिलाएं इस अनूठे आयोजन को देखने पहुंची।

