
नर्मदापुरम / नगरपालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नगरपालिका प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। गुरुवार को नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने वार्ड क्रमांक 23 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सीवर लाइन डालने वाली कंपनी द्वारा कार्य के बाद सड़कों का सही तरीके से रिस्टोरेशन नहीं किया जा रहा है, जिस पर उन्होंने गहरा असंतोष और नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद बंटी परिहार भी मौजूद रहे।
‘जैसी पहले थी सड़क, वैसी ही बनाकर दें’-
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष नीतू यादव ने सीवरेज कंपनी के कर्मचारियों और ठेकेदारों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क को पहले जैसी स्थिति में लाकर ही दिया जाए। उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां भी सीवरेज का कार्य हो, वहां रिस्टोरेशन पूरी गुणवत्ता और सही तरीके से किया जाए।
तेजी से हो रहे हैं विकास कार्य, लापरवाही पर कड़ा एतराज….
नपाध्यक्ष श्रीमती यादव ने बताया कि नर्मदापुरम के हर वार्ड में नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तेजी से सड़कों और नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। शहर की अनेक सड़कें बनकर तैयार हो चुकी हैं। लेकिन यह देखने में आ रहा है कि कुछ स्थानों पर नवनिर्मित सड़कों को सीवरेज कंपनी के कर्मचारियों द्वारा पाइप लाइन डालने के नाम पर खोदा जा रहा है और बाद में लापरवाहीपूर्वक अधूरा या खराब रिस्टोरेशन किया जा रहा है, जिससे नई सड़कें भी डैमेज हो रही हैं। उन्होंने साफ किया कि आमजन की सुविधा के लिए बनाए जा रहे विकास कार्यों को नुकसान पहुंचाने वाली ऐसी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

