
नर्मदापुरम / सेवा संकल्प अभियान के तहत नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में विविध विषयों पर कार्ड निर्माण गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय में आयोजित हुआ जिसमें विभिन्न विद्यार्थियों आकांक्षा तिवारी, जिया वैशाली, प्रवीण बेलकर, ज्योति नगर, नूपुर मालवीय, मधु सारंग, विधि कुमकुम गौर दिव्या, प्रियंका यादव, प्रिया अहिरवार, प्रज्ञा पांडे, कलश विश्वकर्मा, खुशबू यादव, आरती राजपूत, रिचा मालवीय आदि विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण, विकसित भारत, समृद्ध मध्यप्रदेश, लोक कला एवं संस्कृति जैसे समसामयिक विषयों पर अपने विचारों को रंगों के माध्यम से कार्ड पर उकेरा। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए कार्ड आकर्षक होने के साथ-साथ सामाजिक संदेश देते हुए भी नजर आए। प्राचार्य डॉ. खरे ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता और राष्ट्र के प्रति दायित्व की भावना विकसित होती है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य ही युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

