
नर्मदापुरम / भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, भोपाल के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
जिले में 1 अक्टूबर से प्रारंभ हुए अभियान के अंतर्गत 7 से 9 अक्टूबर तक विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के दौरान बीएलओ एप के माध्यम से 3109 तथा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से 51 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 3160 फॉर्म-6 प्राप्त कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए।
13 अक्टूबर तक फॉर्म-6 के 5641 आवेदनों का निराकरण….
अभियान के अंतर्गत 1 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक बीएलओ एप के माध्यम से प्राप्त 5497 तथा ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त 144 फॉर्म-6 आवेदनों का निराकरण किया गया। इस प्रकार कुल 5641 फॉर्म-6 आवेदनों का निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त, इस अवधि में नाम विलोपन से संबंधित 614 फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में प्रविष्टियों के संशोधन एवं अन्य आवश्यक परिवर्तनों से संबंधित 2227 फॉर्म-8 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर सुनवाई की गई।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए अपने संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी संपर्क कर मतदाता सूची अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

